टीम चैतन्य भारत
पिछले कई दिनों से यह खबरे सुनने में आ रहीं थी कि मशहूर अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस में शामिल होने वाली हैं। हाल ही में यह जानकारी सामने आई है कि उर्मिला आज कांग्रेस में शामिल हो गईं हैं। बता दें उर्मिला से पहले अभिनेत्री जया प्रदा ने बीजेपी और दक्षिण सिनेमा के मशहूर अभिनेता मोहन बाबू ने वाईएसआर कांग्रेस ज्वाइन की है। उर्मिला के कांग्रेस में शामिल होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें बधाई दी और साथ ही अभिनेत्री को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया।
उत्तरी मुंबई से लड़ सकती हैं चुनाव
कहा जा रहा है कि अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस के टिकट पर मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उर्मिला ने राहुल गांधी के नेतृत्व के बारे में कहा कि, ‘आज के दौर में हमें ऐसा नेता चाहिए जो सबको साथ लेकर चलने वाला नेता हो, जो सबको न्याय दिलाने में यकीन करता हो। साधारण शब्दों में कहा जाए तो वह सबको साथ लेकर चलने वाला हो। मेरी नजर में नेता ऐसा ही होना चाहिए, यह सब कुछ इनमें है। मेरे ख्याल से राहुल गांधी से बड़ा नेता कोई नहीं हो सकता।’
उर्मिला ने की राहुल से मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, उर्मिला बुधवार दोपहर को कांग्रेस में शामिल हुई हैं। उर्मिला ने पहले राहुल गांधी से मुलाकात की और इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा. मिलिंद देवड़ा और संजय निरुपम समेत महाराष्ट्र कांग्रेस के कई बड़े नेता दिल्ली में हैं। जानकारी के लिए बता दें मिलिंद देवड़ा मुंबई कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बनाए गए हैं।