टीम चैतन्य भारत
आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग इस बात से बखूबी वाकिफ है कि महेंद्र सिंह धोनी साल 2019 विश्व कप खेलना चाहते हैं। लेकिन स्टीफन फ्लेमिंग सुनिश्चित नहीं हैं कि इसके बाद धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे या फिर नहीं। दरअसल ऐसा कहा जा रहा है कि इंग्लैंड में होने वाला विश्व कप धोनी का अंतिम अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा। कोच फ्लेमिंग यह चाहते हैं कि, धोनी अभी कम से कम और एक साल खेलें।
विश्व कप खेलेंगे धोनी
हाल ही में जब एक इवेंट में फ्लेमिंग से यह पूछा गया कि- उन्हें धोनी के कब तक खेलते रहने की उम्मीद है? तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि, ‘मुझे नहीं पता।’ स्टीफन फ्लेमिंग ने आगे यह भी कहा कि, ‘मैं निश्चित तौर पर उम्मीद कर रहा था कि वह विश्व कप में खेलेंगे। वह इसके बाद क्या करना चाहते हैं, उसे लेकर मैं सुनिश्चित नहीं हूं। हमने इस बारे में बात नहीं की। अधिकांश बातें इसे लेकर हुईं कि वह विश्व कप में खेल पाएंगे या नहीं। पिछले 12 महीने में उन्होंने इसका शानदार तरीके से जवाब दिया है।’
हरभजन ने किया शानदार प्रदर्शन
मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मैच से पहले कोच फ्लेमिंग ने कहा कि, ‘इस टूर्नामेंट में आपको इतने सारे खिलाड़ियों का सम्मान करना होता है और वह उनमें से एक है। टीम में अन्य खिलाड़ी भी हैं और आपको सुनिश्चित करने की जरूरत है कि आप अत्यधिक योजना नहीं बनाओ।’ बता दें रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हरभजन सिंह ने पहले मैच में शानदार गेंदबाजी की थी इस बारे में फ्लेमिंग ने कहा कि, ‘दिल्ली कैपिटल्स की टीम में बाएं हाथ के कई बल्लेबाज होने के कारण स्पिनरों की भूमिका अहम होगी।’