चैतन्य भारत न्यूज
इंदौर. देश के किसी भी शहर में एक दिन में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव केस मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में मिले हैं। गुरुवार को एक ही दिन में इंदौर में 244 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए। इसी के साथ कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 842 तक पहुंच गई। साथ ही गुरुवार को मध्यप्रदेश में 9 लोगों की जान जाने की खबर आई। इनमें से 8 मौतें सिर्फ इंदौर में हुईं। इसी के साथ इंदौर में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 47 तक पहुंच गई है।
6 माह का बच्चा भी कोरोना पीड़ित
जानकारी के मुताबिक, एमजीएम मेडिकल कॉलेज और एनआईबी नई दिल्ली में भेजें सैंपल में 998 की जांच हुई। इनमें से 248 सैंपल पॉजिटिव रहे। 248 सैंपल में से तीन देवास और एक सैंपल मंदसौर का है। ये लोग भी इंदौर में भर्ती हैं। बाकी 8 मरीज दूसरे राज्य के रहने वाले हैं, लेकिन अभी इंदौर में इलाज करा रहे हैं। पॉजिटिव मरीजों में 6 माह के बच्चे से लेकर 75 साल की बुजुर्ग तक शामिल हैं। इसके अलावा एमवाय में कार्यरत एक नए सेंट्रल जेल के कैदी में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
गुरुवार को इन लोगों की हुई मौत
गुरुवार को इंदौर के 5 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इनमें सराफा बाजार स्थित एसके ज्वेलर्स के व्यापारी भाई की भी मौत हुई है। जवाहर मार्ग निवासी उक्त दोनों भाइयों को 14 अप्रैल को बीमारी के चलते अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया था। 16 अप्रैल को दोनों की मौत 15 मिनट के अंतराल में हो गई। इनके अलावा खजराना निवासी 56 वर्षीय पूर्व सुदामा नगर निवासी, 55 वर्षीय पुरुष हाजी कॉलोनी निवासी, 63 वर्षीय पुरुष गुमास्ता नगर निवासी, 63 वर्षीय महिला सिद्धिपुर निवासी, 80 वर्षीय पुरुष और लालबाग सावन कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय पुरुष की मौत भी हुई है।