चैतन्य भारत न्यूज
रूस की राजधानी मॉस्को में रविवार को एक यात्री विमान में आग लग गई। रूस की एयरोफ्लोट एयरलाइन का सुखोई सुपरजेट-100 यात्री विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद आग की चपेट में आ गया। इसके बाद पायलट ने जलते हुए विमान को मॉस्को के शेरेमेटयेवो एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराने की कोशिश की लेकिन तब तक आग बहुत ज्यादा बढ़ चुकी थी। इस घटना में 41 लोगों की जलकर मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल थे।
Посадка пылающего Sukhoi Superjet 100 в Шереметьево. Пилоты – стальные люди pic.twitter.com/ETlzOHbUKw
— Дмитрий Смирнов (@dimsmirnov175) May 5, 2019
बताया जा रहा है कि विमान में कुल 78 यात्री सवार थे। सूत्रों के मुताबिक, मॉस्को के एयरपोर्ट पर क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान में विस्फोट हो गया जिस वजह से ये बड़ा हादसा हुआ। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं विमान आग की लपटों से घिरा हुआ है। लैंडिंग के तुरंत बाद आग पर काबू पाने के लिए बचावकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची।
रूसी जांच कमेटी ने बताया कि, कई लोगों को विमान से बाहर आने में इसलिए देर हो गई क्योंकि वे अपना हैंड लगेज उठाने लगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 37 लोगों को बचा लिया गया है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि, ये विमान करीब दो साल पुराना था। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जा रही है। शुरुआती जांच के आधार पर ये सामने आया है कि इलेक्ट्रिकल गड़बड़ी की वजह से विमान में आग लग सकती है।