चैतन्य भारत न्यूज
भारत के हर कोने में खूबसूरती बसती है। भारत में सुंदर नक्काशी और वास्तुकला के उदाहरण भरे हुए हैं जिन्हें देखने के बाद यकीन नहीं हो पाता है। आज हम आपको भारत की कुछ ऐसी अनोखी जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जहां के अद्भुत नजारे देखकर आप भाव-विभोर हो जाएंगे। इतना ही नही बल्कि दिवाली के समय इन जगहों के अलग नजारे होते हैं।
उमेद भवन पैलेस, जोधपुर
इस महल का बहुत-सा हिस्सा राजशाही लोगों का है लेकिन इसके कुछ हिस्से में 5 स्टार होटल बनाया गया है और एक म्यूजियम भी है। इस महल से चांद की रोशनी में शहर का नजारा बेहद खूबसूरत लगता है। इसे देखने के लिए लाखों लोग हर साल यहां आते हैं।
मैसूर पैलेस
कर्नाटक के मैसूर शहर में बने इस महल की खूबसूरती रात में देखने लायक होती है। दिवाली और दशहरे के मौके पर इसे एक लाख लाइट से सजाया जाता है। जिसे देखने के लिए लोग आते हैं। इतना ही नहीं बल्कि यहां पर होने वाले नाइट शो का टिकट भी लोगों को खरीदना पड़ता है।
हुसैन सागर झील, हैदराबाद
इस झील को देखने के लिए अगर रात में जाएंगे तो बहुत ही अच्छा होगा क्योंकि रात के वक्त इस झील में चार चांद लग जाते हैं। झील के पानी में पूरे शहर का जगमगाता प्रतिबिंब देखते ही रह जाएंगे। इस झील का मुख्य आकर्षण है भगवान बुद्ध की प्रतिमा जिसे रात में लाइटों से सजाया जाता है।
आमेर का किला
अरावली के पहाड़ों पर बने इस किले को देखने कई सैलानी रात में आते हैं। यहां पर रात के समय लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन होता है। दिलचस्प बात ये है कि इस शो की स्क्रिप्ट गुलजार साहब ने लिखी है और अमिताभ बच्चन की आवाज में इसे रिकार्ड किया गया है। राजपूतों की आन-बान और शान के लिए मशहूर ये किला दुनियाभर में मशहूर है।
सोमनाथ मंदिर, गुजरात
12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर का दीदार रात में करने का एक अलग ही एहसास है। यहां पर लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया जाता है जिसे “जय सोमनाथ” के नाम से जानते हैं।