चैतन्य भारत न्यूज
‘एक्टिंंग गुरू’ के नाम से मशहूर रोशन तनेजा ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। रोशन तनेजा का निधन शुक्रवार को 87 साल की उम्र में हो गया। उन्होंने बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों को एक्टिंग सिखाई है। रोशन के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। कई बॉलीवुड कलाकारों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
शनिवार को रोशन के बेटे ने उनके निधन की पुष्टि की है। मीडिया को इस बात की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि, ‘मेरे पिता जी का शुक्रवार रात तकरीबन 9:30 बजे निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। उनका अंतिम संस्कार शनिवार शाम 4: 30 बजे मुंबई के सांताक्रुज वेस्ट के विद्युत शमशान गृह में किया जाएगा।’ बता दें रोशन का एक एक्टिंग स्कूल भी है जहां से एक्टिंग सीखकर कई कलाकार बॉलीवुड इंडस्ट्री में आए हैं।
रोशन ने बॉलीवुड में हिट फिल्में देने वाले कई कलाकारों को एक्टिंग के गुर सिखाए हैं। नसीरुद्दीन शाह, जया बच्चन, अनिल कपूर, शबाना आजमी और शत्रुघ्न सिन्ह जैसे स्टार्स रोशन के छात्र रह चुके हैं। उन्हें हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में ‘पायोनियर ऑफ मेथड एक्टिंग’ कहा जाता है। साल 1960 से रोशन एक्टिंग सिखा रहे थे। रोशन ने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया से अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे मुंबई आ गए थे जहां रोशन ने ‘द रोशन तनेजा स्कूल ऑफ एक्टिंग’ खोला। इस स्कूल में वह बच्चों को एक्टिंग, निर्देशन और फिल्म निर्माण करना सिखाते थे।