चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड की क्वीन यानी कंगना रनौत और अभिनेता आदित्य पंचोली का झगड़ा सालों पुराना है। इन दिनों एक बार फिर दोनों का ये पुराना विवाद सुर्खियों में है। बता दें कंगना और आदित्य एक समय पर रिलेशनशिप में थे लेकिन उनका ये रिश्ता समय के साथ बुरे अंजाम तक पहुंच गया था। कंगना ने आदित्य पर शारीरिक हिंसा और मारपीट का आरोप लगाया था। हाल ही में ये जानकारी मिली है कि, आदित्य ने कुछ दिनों पहले कंगना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल, कंगना और उनकी बड़ी बहन रंगोली ने आदित्य पर यौन शोषण और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे और अब आदित्य की ये शिकायत उसी का जवाब है। आदित्य ने अपनी शिकायत में ये दावा किया है कि, कंगना के वकील ने उन्हें रेप केस दाखिल करने की धमकी दी है। जानकारी के मुताबिक, आदित्य ने रविवार को वर्सोवा पुलिस स्टेशन में कंगना के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने सबूत के तौर पर वीडियो और फोन रिकॉर्डिंग भी जमा की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आदित्य ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, उन्होंने कंगना के खिलाफ मानहानि का केस पहले ही दर्ज करा दिया था। इस साल 6 जनवरी को कंगना के वकील ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर उन्होंने मानहानि का केस वापिस नहीं लिया तो वो आदित्य के ऊपर मुकदमा दर्ज करा देंगी। आदित्य ने ये भी कहा कि, ‘मेरे खिलाफ साजिश हो रही है।’ गौरतलब है कि कंगना और आदित्य का ये मामला 13 साल पुराना है। कंगना ने आदित्य का नाम लिए बिना कहा था कि, वे दोनों पति-पत्नी के जैसे रिलेशनशिप में थे। दोनों ने अपने लिए यारी रोड पर एक घर भी प्लान कर लिया था। दोनों एक दोस्त के घर करीब तीन साल तक रहे थे। उस समय कंगना जो फोन इस्तेमाल कर रही थीं वह भी आदित्य का ही था।
कंगना ने आदित्य पर आरोप लगाते हुए कहा था कि, ‘वह आदमी मेरे पिता की उम्र का था। उसने मुझे सिर पर बहुत तेज चोट पहुंचाई। उस वक्त मेरी उम्र 17 साल थी। मेरे सिर से खून भी निकल रहा था। मैंने अपनी सैंडल उतारकर उसके सिर पर मारा। उसके सिर से भी खून निकला। मैंने उसके खिलाफ FIR भी करवाई।’ आदित्य द्वारा की गई शिकायत के बाद अब तक कंगना की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।