चैतन्य भारत न्यूज
भारतीय वायुसेना का एंटोनोव एएन-32 विमान सोमवार को असम के जोरहाट से अरुणाचल प्रदेश के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लापता हो गया। सूत्रों के मुताबिक, विमान असम से अरुणाचल प्रदेश के मेंचुका एडवांस लैंडिंग ग्राउंड के लिए दोपहर 12.25 बजे उड़ा था। आखिरी बार उससे दोपहर 1 बजे संपर्क हुआ था। इसके बाद से ही विमान लापता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में आठ क्रू मेंबर और पांच यात्री सवार थे। विमान के लापता होने के बाद उसकी तलाश के लिए वायुसेना ने सुखोई-30 लड़ाकू विमान और सी-130 स्पेशल ऑपरेशनल एयरक्राफ्ट को भेजा है। 1 बजे के बाद से लगातार एएन-32 विमान की लोकेशन पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है। ईस्टर्न एयर कमांडर की ओर से इस बारे में कहा गया है कि, ‘विमान को मेंचुका पहुंचना था। लेकिन वो अभी तक नहीं पहुंचा। हम इस मामले की जानकारी पर नजर रखे हैं।’
जानिए AN-32 विमान के बारे में
एएन-32 का पूरा नाम एंटोनोव-32 है। इस विमान में दो इंजन लगे होते हैं। यह मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट 55°C से भी ज्यादा तापमान में ‘टेक ऑफ’ कर सकता है। साथ ही यह 14,800 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है। इस विमान में पायलट, को-पायलट, गनर, नेविगेटर और इंजीनियर समेत कुल 5 क्रू-मेंबर रहते हैं। इसमें ज्यादा से ज्यादा 50 लोग सवार हो सकते हैं। भारतीय वायुसेना के मध्यम श्रेणी के विमान सेवा के लिए एएन-32 विमान रीढ़ की हड्डी जैसा है। भारतीय वायुसेना के पास फिलहाल सौ एएन-32 विमान मौजूद हैं। ये विमान मुख्य रूप से ट्रांसपोर्ट के काम में उपयोग किए जाते हैं। भारत के अलावा ये विमान श्रीलंका, अंगोला और यूक्रेन की वायुसेना के पास भी है।