चैतन्य भारत न्यूज
इंदौर. भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय द्वारा नगर निगम अधिकारी को बैट से मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आकाश को इस घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन दिन से जेल में बंद आकाश को जेल से छुड़वाने के लिए लगातार कोशिशें चल रही हैं। आकाश अपने मारपीट वाले वीडियो के कारण दुनियाभर में ट्रोल हो रहे हैं। गूगल ट्रेंड के आंकड़ों के मुताबिक, आकाश विधानसभा के चुनाव के बाद भी इतना सर्च नहीं किए गए थे जितना वह इस मारपीट घटना के बाद किए गए।
26 जून को हुई इस घटना के बाद आकाश का नाम लगातार दो दिन तक सर्च इंटरेस्ट में बना रहा। इससे पहले भी विधानसभा चुनाव के नतीजों के दौरान 9 से 15 दिसंबर तक उनका नाम ज्यादा सर्च हुआ लेकिन मारपीट की घटना के बाद उनके नाम की सर्चिंग चार गुना ज्यादा बढ़ गई। बता दें गूगल 50 हजार से ज्यादा सर्च को टॉप सर्च की सूची में डालता है। 26 जून को हुई मारपीट की घटना के बाद आकाश को दुनियाभर में 50 हजार से ज्यादा बार सर्च किया गया और वह सर्च के मामले में देश में 14वें स्थान पर रहे।
क्या है गूगल ट्रेंड्स
गूगल ट्रेंड एक ऐसा टूल है जो समय के साथ होने वाले हर बदलाव को रिकॉर्ड करता है और उसे ग्राफ के रूप में दिखाता है। यह हमें बताता है कि, विश्व की विभिन्न भाषाओं में किसी विशेष खोज-शब्द को कितनी बार और कितने लोगों ने सर्च किया है। सर्च ट्रेंड्स सर्विस के आधार पर गूगल 0 से लेकर 100 तक का सर्च इंटरेस्ट स्कोर देता है।