चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इसी बीच चांदनी चौक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने की कोशिश की। घटना के बाद अलका ने आप कार्यकर्ता पर एफआईआर दर्ज करने की बात भी कही।
अलका लांबा पर की अभद्र टिप्पणी
जानकारी के मुताबिक, अलका लांबा मतदान के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में घूम-घूमकर लोगों से वोट डालने की अपील कर रही थीं। इसी बीच वह मजनूं का टीला इलाके में एक पोलिंग बूथ का जायजा लेने पहुंची। इस दौरान वहां मौजूद आप कार्यकर्ताओं ने इस बात पर आपत्ति जताई कि अलका कांग्रेस का चुनाव चिन्ह पहन कर क्यों घूम रही हैं। मतदान केंद्र पर ही अलका लांबा और आप कार्यकर्ता के बीच नोकझोक हुई। इसी बीच वहां मौजूद एक कार्यकर्ता ने अलका पर बेहद अभद्र टिप्पणी कर दी, जिसके बाद लांबा ने कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने की कोशिश की।
#WATCH Delhi: Scuffle breaks out between AAP and Congress workers near Majnu ka Teela, Congress candidate Alka Lamba tries to slap an AAP worker. AAP leader Sanjay Singh has said the party will complain to Election Commission. #DelhiElections2020 (note: abusive language) pic.twitter.com/l5VriLUTkF
— ANI (@ANI) February 8, 2020
पुलिस ने कार्यकर्ता को हिरासत में लिया
मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत युवक को काबू में कर हालात को संभाला। इस घटना के बाद अलका लांबा ने कहा कि, ‘आप कार्यकर्ता ने मेरे बेटे के बारे में आपत्तिजनक बयान दिया था। कार्यकर्ता ने ऐसी अभद्र गाली दी है, जिसके बारे में मैं बता भी नहीं सकती। यह सब उकसावे पर हुआ है। पुलिस ने कार्यकर्ता को हिरासत में ले लिया है। पुलिस चौकी पर कार्यकर्ता को बैठा लिया गया है। मैं कार्यकर्ता के खिलाफ लिखित शिकायत भी करूंगी।’ इस झड़प के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद और वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा है कि वे चुनाव आयोग में इसकी शिकायत करेंगे।
आप छोड़ कांग्रेस में हुईं शामिल
बता दें अलका लांबा आम आदमी पार्टी से चांदनी चौक की विधायक रह चुकी हैं। उनकी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी, जिसके बाद अलका आम आदमी पार्टी को छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गईं थीं। बता दें अलका पहले भी कांग्रेस में रह चुकी हैं।