चैतन्य भारत न्यूज
जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 के खत्म होने के बाद हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। अमित शाह ने खुलासा किया है कि, आर्टिकल-370 को खत्म करने वाले बिल को पेश करने के दौरान उनके मन में एक डर था।
370 पहले ही खत्म हो जाना चाहिए था
उन्होंने कहा कि, गृह मंत्री होने के नाते उनके मन में इस बात का डर था कि जब इस बिल को राज्यसभा में पेश करेंगे तो राज्यसभा चलेगी कैसे? उन्होंने कहा कि, ‘हमारा राज्यसभा से पूर्ण बहुमत नहीं है, फिर भी मैंने तय किया था कि बिल पहले हम राज्यसभा में लेकर जाएंगे, उसके बाद लोकसभा में लेकर जाएंगे।’ उन्होंने आगे कहा कि, जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 बहुत पहले ही खत्म हो जाना चाहिए था।
कश्मीर विकास की ओर बढ़ेगा
अमित शाह ने कहा, उनके दिमाग में इस बात को लेकर जरा भी भ्रम नहीं था कि इस आर्टिकल को हटाने के क्या संभावित नतीजे हो सकते हैं। शाह ने आगे कहा कि, अब जल्द ही कश्मीर से आतंकवाद खत्म हो जाएगा और कश्मीर विकास की दिशा की ओर आगे बढ़ेगा।