चैतन्य भारत न्यूज
भारत में कई ऐसी चौंका देने वाली जगहें हैं जहां जाकर आपको अपनी आंखों पर विश्वास नहीं होगा। आज हम आपको बताने वाले हैं एक ऐसे मंदिर के बारे में जिसके खंभे हवा में लटके हुए हैं। यह अनोखा मंदिर आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में है। इस मंदिर का नाम है लेपाक्षी मंदिर, जिसे ‘हैंगिंग पिलर टेंपल’ के नाम से भी जाना जाता है।
इस मंदिर में आने वाली श्रद्धालु इस खंभे के नीचे कपड़ा आर-पार करके बिछाते हैं। ऐसा माना जाता है कि इससे उनके जीवन में संपन्नता आती है। आजतक कोई भी वैज्ञानिक इस खंभे के जमीन पर न टिके होने की तकनीक नहीं समझ पाया है। यहां तक कि कई ब्रिटिश इंजीनियर भी इसका पता लगाने आए लेकिन हैरत से वापस लौट गए।
इस मंदिर के खंभों और दीवारों पर बेहद सुंदर कलाकृति बनी हुई है। मंदिर में कुल 70 खंभे हैं, जिसमें से किसी का भी जमीन से जुड़ाव नहीं है। वो रहस्यमयी तरीके से हवा में लटके हुए हैं। कहा जाता है कि मंदिर के खंभे पहले जमीन से जुड़े हुए थे, लेकिन एक ब्रिटिश इंजीनियर ने यह जानने के लिए कि यह मंदिर पिलर पर कैसे टिका हुआ हुआ है, इसको हिला दिया, तब से ये खंभे हवा में ही झूल रहे हैं।
इस मंदिर का रिश्ता धार्मिक ग्रंथ रामायण से भी जुड़ा हुआ है। कहा जाता है कि जब रावण सीता का हरण करके लंका ले जा रहा था तो इसी जगह पर पक्षी जटायु ने रावण का रास्ता रोका था।
रावण और जटायु का युद्ध इसी जगह हुआ था और बताया जाता है कि यहां उस युद्द से जुड़े कुछ निशान भी मौजूद हैं। मंदिर में एक बड़ा-सा पैर का निशान भी है, जिसे त्रेता युग का गवाह माना जाता है। कोई इसे भगवान राम के पैर का निशान तो कोई माता सीता के पैर का निशान मानते हैं।