चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के घर जल्दी ही किरकारियां गूंजने वाली हैं। अनुष्का और विराट ने अपने-अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की और इस खुशखबरी को सबसे साथ साझा किया। जनवरी में दोनों अपने पहले बच्चे का स्वागत करेंगे।
अनुष्का शर्मा ने लिखा- ‘और फिर हम तीन होंगे। जनवरी 2021 में नन्हा मेहमान आने वाला है।’ विराट ने भी यही तस्वीर इसी कैप्शन के साथ अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की। इस खुशखबरी को पढ़ते ही फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई संदेश भेजना शुरू कर दिए हैं। प्रशंसक और उनके चाहने वाले अनुष्का शर्मा और विराट कोहली के घर आ रहे इस नन्हे मेहमान को लेकर बहुत ही उत्साहित नजर आ रहे हैं।
बता दें अनुष्का और विराट ने लंबे रिलेशनशिप के बाद दिसंबर 2017 में शादी की थी। दोनों ने इटली में एक दूसरे के साथ सात फेरे लिए थे। यह कपल सोशल मीडिया पर अक्सर ही सुर्खियों में रहता है। बात करें अनुष्का शर्मा कि तो आखिरी बार वह शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जीरो’ में नजर आई थीं। एक्टिंग के अलावा अनुष्का अपने प्रोडक्शन हाउस पर भी काफी ध्यान दे रही हैं। वहीं विराट के वर्क फ्रंट की बात करें तो वे इस समय अगले महीने से शुरू होने वाले आईपीएल के लिए यूएई में हैं। विराट रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान हैं और 19 सितंबर से शुरू हो रहे 13वें सीजन के लिए टीम के साथ यूएई में हैं।