चैतन्य भारत न्यूज
अलीगढ़. उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ में नवरात्रि और रामलीला के मौके पर यहां के थाना छर्रा क्षेत्र में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस दौरान सिकंदराबाद की बेटी अनुष्का शर्मा सभी के आर्कषण का केंद्र रही क्योंकि अनुष्का ने महज डेढ़ मिनट में एक पुरुष पहलवान को हराकर सबको हैरान कर दिया।
गीता, बबीता की तरह रेसलर बनने की चाहत रखने वाली अनुष्का भारत के लिए गोल्ड जीतने का सपना रखती हैं। मात्र डेढ़ मिनट में अनुष्का ने पुरुष पहलवान को पटखनी दी जिससे देखकर वहां मौजूद लोग चौंक गए और कुश्ती का मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लोगों ने अनुष्का के हौसले की जमकर तारीफ की। इस दंगल में लगभग 50 कुश्तियां हुईं। दंगल में हजारों की तादाद में लोग मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा भी अनुष्का को सम्मान मिल चुका है। इसके अलावा बुलंदशहर व आसपास के जिलों में भी हम उम्र पहलवानों को धूल चटाने के कारण कुश्ती में अनुष्का एक जाना पहचाना नाम बन चुकी हैं। अनुष्का, देश के विभिन्न स्थानों पर अब तक 200 कुश्तियां लड़ चुकी हैं। अनुष्का का कहना है कि, वह देश के ऑलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना चाहती हैं।