चैतन्य भारत न्यूज
वॉशिंगटन. अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक रहने वाली महिला का रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री क्रिस्टीना कोच गुरुवार को धरती पर लौटेंगी। कोच 328 दिन तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रहने और विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों और मिशन को अंजाम देने के बाद धरती पर वापस आ रही हैं। इससे पहले कोई भी महिला अंतरिक्ष यात्री इतने लंबे मिशन पर नहीं गई हैं।
पिछला रिकॉर्ड अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री पेगी विटसन के नाम था जो 2016-17 के दौरान स्टेशन कमांडर के रूप में 288 दिन तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रही थीं। नासा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्रिस्टीना के साथ यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के अंतरिक्ष यात्री लूका परमितानो और रूस के अंतरिक्ष यात्री एलेक्जेंडर स्क्वोर्त्सोव भी धरती पर लौटेंगे।
कोच का यह पहला अंतरिक्ष मिशन था। इस मिशन के दौरान कोच को महत्वपूर्ण डेटा मिला है जो नासा के आगामी चंद्र मिशन और मंगल पर मानव को भेजने की तैयारियों में मददगार होंगे। अंतरिक्ष में 328 दिन के अपने प्रवास के दौरान कोच ने धरती के 5,248 चक्कर लगाते हुए 13.9 करोड़ किलोमीटर की यात्रा की है। यह 291 बार चांद पर पहुंचकर वापस आने जितनी दूरी है।
उन्होंने छह अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर निकलकर चहलकदमी की और इस दौरान खुले अंतरिक्ष में 42 घंटे 15 मिनट बिताए। कोच अपने अंतिम स्पेसवॉक में जेसिका मीर के साथ बाहर निकली थीं। खास बात यह कि, इतिहास में यह पहला मौका था जब किसी स्पेसवॉक में पूरी तरह महिलाओं का दल अंतरिक्ष स्टेशन के बाहर गया हो।