चैतन्य भारत न्यूज
अयोध्या. धार्मिक नगरी अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सोमवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और और मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास ने पूरे 28 साल बाद रामलला के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने कहा कि, ‘राम मंदिर निर्माण कार्य आज से शुरू हो गया है। मशीनें आती रहेंगी मंदिर बनता रहेगा।’
महंत नृत्य गोपाल दास ने सोमवार को अचानक ही रामलला के दर्शन का कार्यक्रम बनाया। यहां पहुंचकर उन्होंने अस्थाई मंदिर में विराजमान भगवान राम के बाल स्वरूप के दर्शन किए। रामलला के टेंट से बाहर निकलकर उन्होंने कहा कि, ‘आज बहुत ही पवित्र दिन है। जहां राम लला विराजमान है उनके दर्शन के लिए हम लोग आए हैं। बहुत ही अच्छे से दर्शन हुए और सभी लोगों से वार्तालाप हुई।’
कहा जा रहा है कि विवादित ढांचे के ढहाए जाने के बाद आज पहली बार महंत नृत्य गोपाल दास रामलला परिसर में पहुंचे। बता दें जब रामलला को अस्थाई मंदिर में शिफ्ट किया था उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद थे, लेकिन महंत नृत्य गोपाल दास अनुपस्थित थे। हालांकि, कोर्ट के आदेश के बाद ट्रस्ट के सदस्यों ने यहां के दर्शन और पूजन में बराबर भागीदारी की। लेकिन ट्रस्ट का अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद भी अब तक महंत नृत्यगोपाल दास रामलला के दर्शन करने नहीं गए थे।