चैतन्य भारत न्यूज
आज देशभर में बकरीद मनाई जा रही है। वहीं आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद नए जम्मू-कश्मीर की आज पहली बकरीद है। इस मौके पर नमाज को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को खाने-पीने समेत अन्य जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए पाबंदियों में ढील दी है।
श्रीनगर के उपायुक्त शाहिद इकबाल चौधरी के मुताबिक, हालात शांतिपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मस्जिदों में नमाज के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर संवेदनशील इलाके में आम लोगों की सहूलियत के लिए मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। बिजली-पानी की आपूर्ति के लिए भी इंतजाम किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कश्मीर संभाग में 3,697 राशन घाटों में से 3,557 राशन घाटों पर लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी की जा रही हैं। ईद के मौके पर वहां भी खुशी और जश्न का महौल देखा जा रहा है। स्थानीय मस्जिदों में लोगों ने ईद-उलज-अजहा की नमाज अदा की। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने दिल्ली की कश्मीरी गेट स्थित पुंजा शरीफ दरगाह पर ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज अदा की।
बता दें मध्य प्रदेश में भी लोगों ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज ईदगाह मस्जिद में अदा की। दिल्ली में जामा मस्जिद के सामने भी हजारों लोगों ने बकरीद की नामाज अदा की।
वहीं महाराष्ट्र में हमीदिया मस्जिद के सामने बकरीद की लोगों ने नमाज आदा की। इस दौरान यहां बच्चे, बूढ़े और बड़े लोग काफी मात्रा में शामिल हुए। इसके अलावा उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ में भी नमाज के दौरान ड्रोन के जरिए लोगों पर निगरानी रखी गई। यहां शाह जमाल ईदगाह में लोगों ने नमाज अदा की।