चैतन्य भारत न्यूज
पटना. चूड़ियां जिन्हें महिलाओं की कमजोरी का प्रतीक माना जाता है, वहीं चूड़ियां अब महिलाओं की सुरक्षा का सबसे बड़ा हथियार बनने वाली हैं। दरअसल इन दिनों देश की बेटियों के साथ बलात्कार और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में हर मां-बाप अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। बेटियों की सुरक्षा के लिए पटना के एक युवक ने एक ऐसा डिवाइस ही तैयार किया है, जो उनकी सुरक्षा करेगा। ये सुरक्षा कवच हाथों की शोभा बढ़ाने वाली चूड़ियां हैं।
अपराधियों को देगा ‘शॉक’
पटना के रहने वाले शाजिब खान ने महिलाओं के श्रृंगार के इस साधन को उनका सुरक्षा कवच बना दिया है। उन्होंने इस डिवाइस का नाम ‘शॉकलेट’ रखा है। नाम की तरह ही यह डिवाइस अपराधियों को ‘शॉक’ देगा। शाजिब ने बताया कि, उन्होंने इस तरह का डिवाइस बनाने के बारे में दो साल पहले सोचा था। लेकिन उस समय वह बना नहीं पाए थे। अब उनका प्रोजेक्ट अंतिम चरण में है। शाजिब का कहना है कि, ‘शॉकलेट’ डिवाइस में कई ऐसी खूबियां हैं जो देश की बेटियों की सुरक्षा की लिहाज से अहम हैं।
क्या है इसकी खासियत
इस डिवाइस की यह खासियत है कि जब भी कोई युवती या महिला मुसीबत में होगी तो डिवाइस खतरे की घंटी (अलार्म) तो बजाएगा ही और साथ ही गलत भाव से छूने वालों को ‘शॉक’ भी देगा। इतना ही नहीं बल्कि मुसीबत के समय पर यह डिवाइस नजदीकी पुलिस स्टेशन को संदेश भी भेजेगा।
2020 में होगा लॉन्च
जब देश में बेटियों की सुरक्षा पर ज्यादा खतरा मंडराने लगा तो शाजिब ने इस डिवाइस को तैयार किया है। इस डिवाइस को 2020 में लॉन्च करने का प्लान है। बता दें शाजिब इससे पहले इस तरह के और भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं। ड्रोन औऱ प्लेन जिसके जरिए वो कई एक्सपेरिमेंट करते रहते हैं। बिहार में आई बाढ़ के समय शाजिब ने ड्रोन के जरिए लोगों की मदद की थी।