चैतन्य भारत न्यूज
भारत का ह्रदय कहा जाने वाला मध्य प्रदेश पूरे देश में अपनी खूबसूरती के लिए पहचाना जाता है। इसका हर एक कोना अपने आप में ही खास माना जाता है। मध्यप्रदेश को अपने राजसी स्मारकों और प्रसिद्द इतिहास के लिए भी जाना जाता है। अपनी ऐतिहासिक घटनाओं के चलते यहां पर कई पर्यटन स्थल हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं मध्यप्रदेश की उन खास जगहों के बारे में जो दुनियाभर में मशहूर है।
उज्जैन
उज्जैन मध्य प्रदेश राज्य का एक प्रमुख शहर है जो क्षिप्रा नदी के किनारे बसा है। यह एक अत्यन्त प्राचीन शहर है। यह विक्रमादित्य के राज्य की राजधानी थी। इसे कालिदास की नगरी के नाम से भी जाना जाता है। उज्जैन में हर 12 साल पर सिंहस्थ कुंभ मेला लगता है। भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में एक महाकाल इस नगरी में स्थित है।
सांची
सांची प्रदेश राज्य के रायसेन जिले में बेतवा नदी के तट स्थित गांव है। यहां कई बौद्ध स्मारक हैं, जो तीसरी शताब्दी ई.पू से 12वीं शताब्दी के बीच के काल के हैं। यहां का मुख्य आकर्षण सांची का स्तूप, तोरण, और मठ हैं। सांची भोपाल से 46 किमी. और विदिशा से 10 किमी की दूरी पर है।
पंचमढ़ी
पंचमढ़ी की एक खूबसूरत हिल स्टेशन है। इसे सतपुड़ा की रानी के नाम से भी जाना जाता है। यहां पर पर्यटकों के देखने के लिए खूबसूरत झरने, कलकल बहती नदियां, खूबसूरत घाटियां हैं। चारों तरफ से सतपुड़ा की पहाड़ियों से घिरी यह पहाड़ी किसी मनोरम स्थल से कम नहीं है।
पांडव की गुफाएं
पचमढ़ी के करीब प्राचीन काल की पांच गुफाएं बनी हैं। कहा जाता है कि महाभारत काल में यहां पर पांडवों ने विश्राम किया था। अब इन गुफाओं को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया गया है। यह गुफा लगभग 30 किमी लंबी है। इस गुफा के अंदर आपको बहुत ही खूबसूरत पेंटिंग्स देखने को मिलेगी।
खजुराहो
मध्यप्रदेश का छोटा शहर खजुराहो दुनियाभर के पर्यटकों के बीच प्रसिद्ध है। यहां 22 मंदिरों का एक समूह है। जटिल नक्काशी, कामुक मूर्तिकला किसी भी इतिहास प्रेमी को आकर्षित करने के लिए पर्याप्त है। यहां मंदिरों के अलावा में दो झील भी हैं। यहां के आकर्षण के केंद्र कंदारी महादेव मंदिर, लक्ष्मण मंदिर, विश्वनाथ मंदिर, पारस्वनाथ मंदिर, चित्रगुप्त बीजमंदला मंदिर, देवी जगदाम्बा, चौथ योगिनी, वामन मंदिर, दुलादेव मंदिर हैं।