चैतन्य भारत न्यूज
घूमने फिरने के शौकीन लोगों को हमेशा कुछ नया देखने का मन करता है। ऐसे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कुछ ऐसी जगहों के बारे में जहां जाने के बाद आपको खुद को काफी रोमांचित महसूस करेंगे। हम बात कर रहे हैं दक्षिण भारत के तेलंगाना राज्य के वारंगल शहर की जो अपनी पुरातन और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। इस शहर में एक तरफ कई किले और मंदिर हैं तो वहीं दूसरी तरफ कई तलाब और झरने हैं, जहां आप शांति भरे कुछ पल बिता सकते हैं। आइए जानते हैं यहां की खूबसूरत जगहों के बारे में…
भीमुनी पादम झरना
वारंगल के पर्यटन स्थलों भीमुनी पादम झरना बहुत मशहूर है। यह वारंगल शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर है। इसके आसपास के प्राकृतिक नजारे आपके मन को लुभा सकते हैं।
वारंगल का किला
वारंगल का किला भारत के ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है। कहा जाता है कि, 13वीं सदी में बने इस किले पर कई हमले हुए लेकिन अपनी मजबूती के कारण यह किला आज भी आस्तित्व में है। पर्यटकों को देखने के लिए यह किला हर दिन सुबह 9 बजे से लेकर शाम 8 बजे तक खुला रहता है।
पाखल झील
वारंगल शहर से 50 किलोमीटर दूर इस जगह का प्राकृतिक सौंदर्य देखते ही बनता है। पाखल झील की खूबसूरती निहारने यहां हर साल लाखों पर्यटक आते हैं।
जैन मंदिर
वैसे तो वारंगल में बहुत सारे मंदिर हैं लेकिन जैन मंदिर इन सभी मंदिरों से अलग है। यह मंदिर हफ्ते के सातों दिन, सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक खुला रहता है। लाल पत्थरों से बना इस मंदिर का ढांचा और इसकी दीवारों पर की गई नक्काशियां किसी का भी मन मोह लेती हैं।
हजार खंभों का मंदिर
जैन मंदिर के अलावा वारंगल का हजार खंभों का मंदिर इस राज्य का पहचान बन चुका है। हनमकोंडा पहाड़ी पर स्थित इस मंदिर में श्री रुद्रेश्वर स्वामी की पूजा की जाती है। इस मंदिर में आपको चट्टान को काटकर बनाए गए हाथी और नंदी की एक विशाल प्रतिमा देखने को मिलेगी।