चैतन्य भारत न्यूज
आम तौर पर गर्भवती महिलाओं को योग न करने की सलाह दी जाती है। जबकि योग करना उनके स्वास्थ्य के लिए काफी लाभदायक होता है। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं जिसकी वजह से उन्हें काफी सारी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में इन समस्याओं को दूर करने के लिए आप योग का सहारा ले सकते हैं। आइए जानते है गर्भावस्था के समय कौन से योगासन फायदेमंद होते हैं।
ताड़ासन
गर्भवती महिलाओं के लिए ताड़ासन बहुत अच्छा होता है। इससे रीढ़ की हड्डी मजबूत होने के साथ-साथ गर्दन की तकलीफें भी खत्म होती है। इस आसन को शुरुआती 6 महीने तक करना ही फायदेमंद होता है।
तितली आसन
इस आसन को आप गर्भावस्था के तीसरे महीने से कर सकते हैं। इसे करने से शरीर में लचीलापन आता है, साथ ही डिलीवरी के दौरान भी तकलीफ कम होती है। इस योगासन को करते वक्त अगर आपको शरीर के निचले हिस्से में दर्द हो तो इसे बिलकुल न करें।
शवासन
इस योगासन को करने से गर्भवती महिलाओं का तनाव कम होता है और गर्भ में पल रहे शिशु के विकास में भी फायदा होता है। गर्भवती महिलाओं को रोजाना शवासन करना चाहिए।
वीरभद्रासन
इस आसन को करने से हाथ, कंधे, जांघ एवं कमर की मांसपेशियों में मजबूती आती है। इस आसन को वारियर पोज भी कहा जाता है। यह योगासन गर्भवती महिलाओं के लिए बहुत अच्छा होती है।
पर्वतासन
पर्वतासन करने से गर्भवती महिलाओं को कमर दर्द से निजात मिलती है। इसे करने से डिलीवरी के बाद वजन नहीं बढ़ता है। इस आसन को नियमित करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और गर्भवती महिला स्वस्थ रहती है।
नोट : योगासन करने से पूर्व एक बार अपने डॉक्टर से सलाह जरुर लें।