चैतन्य भारत न्यूज
बिहार चुनाव को कोरोना संकट के बीच दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव कहा जा रहा है। चुनाव आयुक्त ने कहा कि, कोरोना की वजह से दुनियाभर में 70 देशों के चुनाव टाले गए हैं। कोरोना की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग इन चुनावों के दौरान खास एहतियात बरत रहा है। आपको पता है न्यूजीलैंड में 34.87 लाख वोटर हैं, जहां महीनेभर पहले चुनाव हुए हैं। लेकिन बिहार में न्यूजीलैंड से भी बड़ा चुनाव होने जा रहा है।
बिहार में हैं इतने वोटर
बिहार में कुल 7.29 करोड़ वोटर हैं। पहले फेज की जिन 71 सीटों पर कल वोटिंग होनी है, वहां 2.14 करोड़ से ज्यादा वोटर हैं। यानी न्यूजीलैंड से 6 गुना ज्यादा। अब तो आप समझ ही गए होंगे कि क्यों बिहार चुनाव सबसे बड़ा चुनाव है। अप्रैल में दक्षिण कोरिया में भी एक चुनाव हुआ था। यहां भी कुल 4.39 करोड़ वोटर थे।
चुनाव के लिए जारी की गई गाइडलाइन
कोरोना के इस दौर में होने जा रहे पहले चुनाव में वोट डालना भी जरूरी है और अपनी सेहत का ध्यान रखना भी। आप वोट भी डाल सकें और सेहत भी सही बनी रहे, इसके लिए चुनाव आयोग ने कुछ गाइडलाइन बनाई है। जैसे वोटिंग से पहले ही पोलिंग बूथ सैनिटाइज किया जाएगा। पोलिंग बूथ पर सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे, इसके लिए 6-6 फीट की दूरी पर सर्कल बनाए जाएंगे आदि।
इस दिन डाले जाएंगे वोट
गौरतलब है कि बिहार में तीन चरण में चुनाव होगा। पहले चरण की वोटिंग 28 अक्टूबर, दूसरे चरण की वोटिंग 3 नवंबर और तीसरे चरण की वोटिंग 7 नवंबर को होगी। वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी।