चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता जगन्नाथ मिश्रा का सोमवार को निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वह पिछले लंबे समय से बीमार थे। जगन्नाथ मिश्रा का इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी मिलते ही बिहार के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बता दें जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने साल 1975 में पहली बार यह जिम्मेदारी संभाली थी। फिर दूसरी बार वह 1980 में बिहार के मुख्यमंत्री बने। आखिरी बार जगन्नाथ मिश्रा 1989 से 1990 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा जगन्नाथ मिश्रा 90 के दशक के मध्य में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। जगन्नाथ मिश्रा अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने से पहले लेक्चरर थे। फिर उन्होंने बिहार यूनिवर्सिटी में बतौर अर्थशास्त्र के प्रोफेसर अपनी सेवाएं दी।
जगन्नाथ मिश्रा ने 40 से करीब रिसर्च पेपर भी लिखे हैं। उन्हें शुरुआत से ही राजनीति से गहरा लगाव था। उनका नाम बिहार में बड़े नेताओं के तौर पर जाना जाता है। जगन्नाथ मिश्रा को मिथिलांचल के सबसे कद्दावार नेता माना जाता था।