चैतन्य भारत न्यूज
देश का आम बजट भले ही आ गया हो, लेकिन पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के बजट को बिगाड़ रखा है। रोजाना बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। विपक्ष तो पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साध ही रहा था और अब खुद भाजपा नेता भी इसे लेकर अपनी सरकार पर हमला कर रहे हैं। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के ही राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा है।
— Subramanian Swamy (@Swamy39) February 2, 2021
सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से मंगलवार को एक तस्वीर जारी की गई। जिसमें लिखा गया है कि, ‘राम के भारत में पेट्रोल 93 रुपए, सीता के नेपाल में 53 रुपए और रावण की लंका में 51 रुपए के दाम पर बिक रहा है।’ इसे देखकर ऐसा लग रहा है मानों वे अपनी ही सरकार पर कटाक्ष कर रहे हैं। क्योंकि इस तस्वीर में उन्होंने पेट्रोल के दाम को पड़ोसी देशों के दाम से तुलना किया है।
प्रतिदिन छह बजे बदलती है कीमत
आपको बता दें कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों के मामले में भारत उन देशों में शामिल है, जहां सबसे अधिक दाम पर पेट्रोल-डीजल बिक रहा है। प्रतिदिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। सुबह छह बजे से ही नई दरें लागू हो जाती हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है। विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें क्या हैं, इस आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है।
जानिए आपके शहर में कितना है दाम
पेट्रोल-डीजल की कीमत आप एसएमएस के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, आपको RSP और अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। हर शहर का कोड अलग-अलग है, जो आपको आईओसीएल की वेबसाइट से मिल जाएगा।