चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव 2019 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को पहली लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में 125 उम्मीदवारों के नाम है। लिस्ट में 52 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि 12 विधायकों का टिकट कटा है।
इस लिस्ट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम भी है। सीएम फडणवीस को नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से टिकट मिला है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल को कोठरुद और पंकजा मुंडे का नाम पर्ली सीट से तय किया गया।
इस बार पार्टी ने लोकमान्य तिलक और छत्रपति शिवाजी महाराज के परिवार के सदस्यों को भी मैदान में उतारा है। बता दें लोकमान्य तिलक की बहू और पुणे की महापौर मुक्ता तिलक को बीजेपी ने कसबा पेठ सीट से प्रत्याशी बनाया है।
कुछ समय पहले ही कांग्रेस का साथ छोड़ बीजेपी में शामिल होने वाले नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल को पार्टी ने शिर्डी से चुनाव मैदान में उतारा है। इनके अलावा महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन जामनेर सीट से प्रत्याशी हैं।
बता दें महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अब तक कोई घोषणा नहीं की गई है। बीजेपी के मुताबिक, ये वो सीटें हैं, जिनको लेकर कोई विवाद नहीं है। बता दें महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को चुनाव होंगे और इसके नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे।