चैतन्य भारत न्यूज
लंदन. गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने एक बार फिर दुनिया के सबसे उम्रदराज जीवित पुरुष के नाम की घोषणा की है। उनका नाम है बॉब वेटन जो लंदन के एल्टन के रहने वाले हैं। बॉब वेटन की उम्र 111 साल है। अगले महीने वह 112 साल के हो जाएंगे।
खुश नहीं हैं बॉब वेटन
जानकारी के मुताबिक, बॉब वेटन का जन्म 29 मार्च 1908 को हुआ था। बॉब वेटन पेशे से एक इंजीनियर हैं। यह खिताब पाकर बॉब वेटन खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि, ‘खिताब मिला तो मुझे खुशी नहीं होगी, क्योंकि इसका अर्थ है कि किसी की मौत हुई है।’ बता दें कुछ दिन पहले ही दुनिया के सबसे उम्रदराज जीवित पुरुष चितेत्सु वतनाबे का निधन हो गया था।
स्मिथ के निधन से बॉब को मौका मिला
ब्रिटेन में पर्थशायर के रहने वाले अल्फ्रेड स्मिथ भी बॉब वेटन के बराबर के ही सबसे बुजुर्ग व्यक्ति थे। लेकिन पिछले साल उनका निधन हो गया जिसके बाद वेटन इस लिस्ट में टॉप पर आए।
कुछ दिन पहले ही चितेत्सु को मिला था खिताब
बता दें बॉब वेटन से पहले दुनिया के सबसे उम्रदराज पुरुष चितेत्सु वतनाबे जापान के रहने वाले थे, जिनकी उम्र करीब 113 साल थी। चितेत्सु को उनके निधन के कुछ दिन पहले ही गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया था। लेकिन रविवार को चितेत्सु वातानाबे का निधन हो गया था।
सबसे उम्रदराज जीवित महिला भी जापान की
बता दें चितेत्सु से पहले सबसे बुजुर्ग पुरुष जापान के ही मासाजो नोनाको थे। उनका निधन 12 जून 2013 में हो गया था। उस समय उनकी उम्र 113 साल 54 दिन थी। मासाजो नोनाको जापान की ही रहने वाली दुनिया की सबसे उम्रदराज जीवित महिला केन तनाका से उम्र में चार साल छोटे थे। बता दें फिलहाल तनाका की उम्र 117 साल है। खास बात यह है कि केन तनाका को कोलोरेक्टल कैंसर भी था, जिसे उन्होंने मात दे दी।