चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला आम बजट संसद में पेश किया। सीतारमण ने अपने बजट में समाज के सभी वर्गों के साथ महिलाओं का भी खासतौर से ध्यान रखा। बजट भाषण के दौरान बताया कि, महिलाओं का विकास किए बिना देश की तरक्की होना मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा स्वामी विवेकानंद ने अपने गुरु स्वामी रामकृष्ण को लिखे एक पत्र में कहा था, ‘महिलाओं की स्थिति में सुधार के बिना दुनिया के कल्याण की कोई गुंजाइश नहीं है।’
5 हजार रुपए तक के ओवर ड्रॉफ्ट की सुविधा
ग्रामीण भारत के विकास के लिए महिलाओं पर ध्यान दिया जाना जरूरी है। इसलिए ‘नारी तू नारायणी’ नामक एक योजना शुरू की गई है। वित्त मंत्री ने यह ऐलान किया कि, जनधन खाताधारक महिलाओं को 5000 रुपए ओवरड्राफ्ट की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए अलग से एक लाख रुपए के मुद्रा लोन की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की उन्नति से देश की उन्नति जुड़ी हुई है।
महिलाओं को क्या फायदा होगा
साल 2014 में मोदी सरकार आने के बाद जनधन योजना शुरू की गई थी जिसके तहत बैंक खाते खुलवाने का काम किया गया है। यदि महिलाओं के जनधन खाते में पैसा न हो तो भी वे पैसा निकाल सकती हैं। अब तक महिलाएं अपने जनधन खाते से सिर्फ 2 हजार रुपए ही निकाल सकती थी, लेकिन अब इस राशि को बढ़ाकर 5 हजार रुपए कर दिया गया है। इसे ही ओवरड्राफ्ट की सुविधा कहा जाता है।
महिलाओं के लिए 1 लाख रुपए की लोन सुविधा
इसके अलावा मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में शुरू हुई मुद्रा योजना का लाभ इस बार महिलाएं भी उठा सकेंगी। मोदी सरकार का कहना है कि, मुद्रा लोन का इस्तेमाल कर देश में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। सीतारमण ने बताया कि, इस योजना के तहत महिलाएं 1 लाख रुपए तक का लोन ले सकेंगी और अपना रोजगार शुरू कर सकेंगी।
ये भी पढ़े…
मोदी सरकार 2.0 का बजट पेश, इन 10 प्वाइंट्स में बताई देश के विकास की नई तस्वीर
49 साल बाद कोई महिला वित्त मंत्री पेश करेंगी बजट, निर्मला सीतारमण ने परंपरा तोड़ते हुए फोल्डर में रखा बजट
आर्थिक सर्वे 2019 : आगामी वर्षों में पांच ट्रिलियन डॉलर की बन सकती है भारतीय अर्थव्यवस्था, यहां देखें आर्थिक सर्वे की खास बातें