चैतन्य भारत न्यूज।
छोटे-छोटे कदमों को पाठकों ने सहारा दिया। उनसे मिले प्रोत्साहन की बदौलत चैतन्य भारत न्यूज ने आठ फरवरी, 2021 को दो साल का सफर पूरा कर लिया है। तीसरे साल में कदम रखने के साथ ही आपका यह प्रिय पोर्टल नई जिम्मेदारियों को महसूस कर रहा है। यह है जवाबदेही हमेशा आपको जागरूक करने की, आप तक सही सूचनाएं पहुंचाने की और देश-दुनिया की हर बड़ी हलचल की खबर आपको देने की।
इस अवसर पर चैतन्य भारत न्यूज के प्रधान संपादक शशांक मिश्रा ने पाठकों का आभार जताते हुए बताया कि पाठकों को चैतन्य यानी जाग्रत रखना ही हमारा उद्देश्य रहा है। दो साल में 3,13,000 पेज व्यू के साथ पोर्टल ने डेढ़ लाख पाठकों को अपने साथ जोड़ा। यह पाठकों का स्नेह ही है कि एक पाठक ने औसतन दो पेज देखे। एक उभरते और भारतीय संस्कृति- संस्कारों को सर्वोपरि मानने वाले न्यूज पोर्टल के लिए पाठकों का यह प्रेम निश्चय ही उत्साह बढ़ाने वाला है।
कार्यकारी संपादक मधुलिका शुक्ल ने भी इस अवसर पर पाठकों का कोटि-कोटि आभार जताया। उन्होंने बताया कि अब हमारे छोटे कदम छलांग लगाने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में पाठकों की रुचि की कई खबरें और लेख नए प्रस्तुतिकरण के साथ दिखाई देंगे। यह पाठकों की रुचि ही है कि विश्व बालिका दिवस से संबंधित एक खबर को एक दिन में तीन हजार से अधिक पाठकों का स्नेह मिला।
गौरतलब है कि चैतन्य भारत न्यूज की शुरुआत आठ फरवरी, 2019 को भक्तिमय-संगीतमय रामलीला के मंचन के साथ पावन व पवित्र वातावरण में की गई थी। भक्ति और आध्यात्म हमारी थाती हैं और इन्हीं मूल्यों की छत्रछाया में चैतन्य भारत न्यूज.कॉम अपनी यात्रा जारी रखेगा।