चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश के चलते नाले और समुद्र उफान पर है। बारिश के कारण यहां कई लोग जान भी गवां चुके हैं। ऐसे में जनता ने बीएमसी पर लापरवाही का आरोप भी लगाया था। इसी बीच बीएमसी की लापरवाही की एक बार फिर पोल खुल गई। बुधवार रात को गोरेगांव इलाके में डेढ़ साल का मासूम बच्चा खुले गटर में गिर गया।
#WATCH Mumbai: A 3-year-old boy fell in a gutter in Ambedkar Nagar area of Goregaon around 10:24 pm yesterday. Rescue operations underway. #Maharashtra pic.twitter.com/kx2vlJAN5C
— ANI (@ANI) July 11, 2019
यह घटना गोरेगांव ईस्ट के अम्बेडकर नगर इलाके की है। रात करीब 10 बजे डेढ़ साल का बच्चा दिव्यांश सिंह गटर में गिर गया। हादसे के बाद सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी, पुलिस और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक बच्चे का कुछ भी पता नहीं चला। बच्चे के गटर में गिरने की पूरी घटना पास ही में लगे
सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देख लोग बीएमसी पर गुस्सा निकाल रहे हैं।
घटना के बाद मासूम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक, रातभर से आस-पास के इलाकों के सभी नालों को खोलकर बच्चे को तलाशा जा रहा है। लेकिन अब तक उसके बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका। जिस गटर में बच्चा गिरा वह करीब 3-4 फीट गहरा था। बारिश के चलते गटर में पानी का बहाव भी काफी तेज हो गया था। यह गटर आगे जाकर बड़े नाले से जुड़ता है, जो करीब 10 से 15 फीट गहरा है। इस कारण बच्चे को ढूंढने में काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना का जिम्मेदार बीएमसी को ठहराया है।