चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. कोरोना वायरस से चीन में अब तक 425 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 हजार से ज्यादा केस की पुष्टि हुई है। दुनिया भर में फैलते कोरोना वायरस को देखते हुए कई देशों ने चीन के लिए उड़ानें रद्द कर दी है, जबकि कई देश चीन में फंसे अपने नागरिकों को एयरलिफ्ट करा कर निकाल रहे हैं।
भारत ने भी चीन में फंसे भारतीयों को एयरलिफ्ट किया है। चीन से आए 5 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण के लक्षण दिखे हैं। इसलिए उन्हें सैन्य अस्पताल में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक इन पांच लोगों के सैंपल लेकर एम्स भेजा गया है। इनमें से एक की रिपोर्ट आ गई है, जो नेगेटिव है।
बता दें शनिवार को एअर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट चीन से 324 भारतीयों को लेकर नई दिल्ली पहुंची थी। इनके साथ ही मालदीव के 7 नागरिकों को भी दिल्ली लाया गया है। वुहान से भारत पहुंचने वाले यात्रियों की जांच के लिए भारतीय सेना द्वारा हरियाणा के मानेसर में एक विशेष वार्ड बनाया गया है। इस वार्ड में लगभग 300 लोगों को रखने की सुविधा हैं। इस वार्ड में छात्रों की डॉक्टरों और कर्मचारियों के सदस्यों की एक टीम द्वारा कुछ हफ्तों तक निगरानी की जा सकती है।
भारतीय सेना के मुताबिक, इस विशेष वार्ड में रखने से पहले दो प्रक्रियाएं होंगी। सबसे पहले हवाई अड्डे पर भारतीय छात्रों की स्क्रीनिंग होगी। उसके बाद उन्हें मानेसर के विशेष वार्ड में रखा जाएगा। अगर कोई व्यक्ति संदिग्ध पाया जाएगा तो उसे इलाज के लिए बेस अस्पताल दिल्ली छावनी में आइसोलेशन वार्ड में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।