चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद को शुक्रवार देर रात जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक मार्च निकालने के दौरान दरियागंज के निकट हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले चंद्रशेखर ने खुद ट्वीट कर कहा था कि दिल्ली गेट से गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को रिहा कर दिया जाए तो वह अपनी गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं।
यदि दिल्ली पुलिस बातचीत करना चाहती है तो पहले दिल्ली गेट से गिरफ्तार किए हमारे लोगों को रिहा करें। @DelhiPolice
— Chandra Shekhar Aazad (@BhimArmyChief) December 20, 2019
बता दें नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चंद्रशेखर शुक्रवार दोपहर दिल्ली के जामा मस्जिद में हुए प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। हिरासत में लिए जाने से पहले चंद्रशेखर आजाद ने ट्वीट किया कि, ‘अगर दिल्ली पुलिस बातचीत करना चाहती है तो पहले दिल्ली गेट से गिरफ्तार किए हमारे लोगों को रिहा करें।’ इसके अलावा उन्होंने लिखा कि, ‘सभी लोगों को रिहा कर दिया जाए, मैं गिरफ्तारी देने को तैयार हूं। साथियों संघर्ष करते रहना और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट रहना। जय भीम, जय संविधान।’
सभी लोगों को रिहा कर दिया जाए मैं गिरफ्तारी देने को तैयार हूँ। साथियों सँघर्ष करते रहना और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट रहना। जय भीम जय संविधान
— Chandra Shekhar Aazad (@BhimArmyChief) December 20, 2019
खबरों के मुताबिक, चंद्रशेखर ने गुरुवार को घोषणा की थी कि, वह शुक्रवार को दिल्ली के जामा मस्जिद से जंतर-मंतर तक मार्च निकालेंगे। पुलिस इस तैयारी में थी कि चंद्रशेखर को पहले ही हिरासत में ले लिया जाएगा। हालांकि, चंद्रशेखर पुलिसकर्मियों को झांसा देकर जामा मस्जिद के अंदर दाखिल हुए और पुलिस घंटों तक हिरासत में लेने के लिए उनकी तलाश करती रही।