चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के खिलाफ आज कांग्रेस पार्टी सत्याग्रह करने जा रही है। कांग्रेस दिल्ली के राजघाट पर सोमवार दोपहर को प्रदर्शन करेगी। इस सत्याग्रह में कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता शामिल होंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को ट्वीट कर सभी से उनके साथ आने की और इस सत्याग्रह का हिस्सा बनने की अपील की।
राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा कि, ‘प्रिय, छात्र और युवाओं। सिर्फ भारतीय होना महसूस करने से कुछ नहीं होगा। इस नाजुक वक्त पर आपको दिखाना भी होगा कि आप भारतीय हैं और भारत को नफरत से खत्म नहीं किया सकता है। मेरे साथ दोपहर तीन बजे राजघाट पर जुड़ें, मोदी-शाह की नफरत भरी राजनीति के खिलाफ प्रदर्शन का हिस्सा बनें।’
प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर लोगों से अपील की और कहा कि, ‘ये देश एक साझा रिश्ता है, साझा ख्वाब है। इस मिट्टी को हमने मेहनतों के रंग से सींचा है, संविधान हमारी शक्ति है। देश को फूट डालो और राज करो की राजनीति से बचाना है। आइए आज दोपहर 3 बजे से बापू की समाधि राजघाट पर मेरे साथ संविधान पाठ का हिस्सा बनिए।’
इससे पहले प्रियंका ने नागरिकता कानून को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि, ‘किसी की भारतीयता साबित करने के लिए किसी को भी सबूत मांगने की इजाजत नहीं है।’ दरअसल रविवार को प्रियंका बिजनौर में नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान मारे गए अनस और सुलेमान के परिजनों से मिलने पहुंची थीं और इस दौरान उन्होंने यह बात कही।