चैतन्य भारत न्यूज
हर किसी का यह सपना होता है कि उनका भी एक खूबसूरत जगह पर घर हो। ऐसे ही लोगों का सपना पूरा करने के लिए दुनिया के सबसे खूबसूरत देशों में से एक देश में करीब 71 रुपए यानी एक डॉलर में घर बिक रहे हैं। प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर इटली के बिवोना शहर में करीब एक दर्जन से ज्यादा ऐसे घर हैं जिसे यहां का प्रशासन मात्र 71 रुपए में बेचने को तैयार है। आइए जानते हैं यहां ऐसे क्यों किया जा रहा है?
बिवोना शहर इटली के सिसली में है। रोजगार के लिए यहां के लोग बड़े-बड़े शहरों में जाकर बस गए हैं, जिसके चलते यहां सभी घर खाली होने लगे हैं। इसलिए बिवोना में एक घर की कीमत 71 रुपए हो गई है। यह शहर प्राकृतिक लिहाज से काफी सुंदर है।
इस शहर में रहते हैं सिर्फ 3800 लोग
खबरों के मुताबिक, इस शहर में अब सिर्फ 3800 लोग ही बचे हैं। यहां ज्यादातर लोग बुजुर्ग हैं जो बेहद ही सक्रिय, ऊर्जावान और खुशमिजाज है। यहां के सांस्कृतिक काउंसिलर एंजेला कैनिज्जारो के मुताबिक, 40 साल पहले यहां करीब 8000 से ज्यादा लोग रहते थे। लेकिन अब सिर्फ 3800 लोग ही बचे हैं, क्योंकि ज्यादातर युवा रोजगार के चक्कर में शहर से बाहर चले गए हैं। अब सिर्फ इनके माता-पिता यहां रहते हैं। लोगों के घर खाली हैं। यही वजह है कि यहां रहने वाले लोग इतने सस्ते में घर बेच रहे हैं। उन्होंने बताया कि, जब यहां बाहरी लोग आकर रहेंगे तो उन्हें इस शहर की संस्कृति और धरोहर के बारे में पता चलेगा। वे हमारी संस्कृति और धरोहरों को बचाने में मदद करेंगे। साथ ही शहर फिर से गुलजार हो जाएगा।
प्राकृतिक सुंदरता से घिरा है शहर
रिपोर्ट के मुताबिक, इस शहर के चारों तरफ खूबसूरत पहाड़ हैं जो सर्दियों में पूरी तरह से बर्फ से ढंक जाते हैं। गर्मी के दिनों में इन घाटियों पर रंग-बिरंगे फूल खिल आते हैं। यहां प्रदूषण भी नहीं है। बेहद साफ-सुथरी हवा है। लोग बीमार भी कम पड़ते हैं।