चैतन्य भारत न्यूज।
नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने साफ कर दिया है कि पार्टी दिल्ली में आम आदमी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। इसके पहले चर्चाएं हो रही थी कि दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर करीब-करीब सहमति बन गई है। लेकिन दीक्षित ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद स्थिति साफ कर दी। दरअसल, आप से गठबंधन को लेकर कांग्रेस में दो राय थी। शीर्ष नेतृत्व आप से गठबंधन करने के पक्ष में था तो वहीं एक हिस्सा गठबंधन के विरोध में था।
राहुल गांधी के साथ की थी बैठक
बता दें कि राहुल गांधी ने आज दिल्ली में गठबंधन हो या नहीं इस पर चर्चा के लिए बैठक की थी। जिसके बाद दीक्षित ने कहा कि पार्टी ने सर्वसम्मति से दिल्ली में गठबंधन न करने का फैसला लिया है।
कांग्रेस विरोधी थी आप पार्टी
बता दें कि आम आदमी पार्टी को एक समय में कांग्रेस का विरोधी माना जाता था। 2013 से पहले और बाद में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के खिलाफ कई आंदोलनों का नेतृत्व किया और यहीं से राजनीतिक करियर की शुरुआत की। 2013 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी कांग्रेस को हराकर पहली बार दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।