चैतन्य भारत न्यूज
झाबुआ. मध्यप्रदेश के झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने जीत हासिल कर ली है। भूरिया ने भाजपा के भानू भूरिया को हराया है। इस बड़ी जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले कल्याणपुरा में कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया को ज्यादा वोट मिले।
जानकारी के मुताबिक, कांतिलाल को 1 बजे तक 55,922 वोट मिल चुके हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के भानू भूरिया हैं जिन्हें अब तक 41,323 वोट मिले हैं। यानी कांतिलाल भूरिया, भानू भूरिया से 11,599 वोटों से आगे चल रहे हैं। बड़े अंतर के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना भी शुरू कर दिया है।
खुशी से झूम उठे समर्थक
झाबुआ विधानसभा सीट उप चुनाव में काउंटिंग के कुल 26 राउंड हैं। शुरुआती करीब 12 राउंड तक कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया अपने निकटतम प्रतिद्नंद्वी भानु भूरिया से लगातार बढ़त बनाए रहे, तो कांग्रेस में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। इसके बाद से ही समर्थक पटाखे जलाने लगे और जीत का जश्न मनाने लगे। उन सभी ने कांतिलाल का स्वागत किया और नाच-गाना शुरू कर दिया।
सुबह 8 बजे से पॉलीटेक्निक कॉलेज में वोटो की गिनती शुरू हो गई थी। पहले राउंड का रुझान सुबह 9 बजे आया, जिसके बाद से ही कांतिलाल भूरिया लगातार आगे चल रहे हैं। बता दें विधायक गुमान डामोर के त्यागपत्र के बाद 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के साथ ही झाबुआ में भी उपचुनाव के लिए मतदान हुए थे। उपचुनाव में 62.01 प्रतिशत मतदान हुआ था। हालांकि, नवंबर 2018 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो उस समय 2.54% कम वोट डले थे। इस बार चुनावी मैदान में 5 प्रत्याशी थे। इनमें कांग्रेस से कांतिलाल भूरिया ने भाजपा से भानु भूरिया के अलावा तीन निर्दलीय भाजपा के बागी कल्याणसिंह डामोर, नीलेश डामोर और रामेश्वर सिंगाड़ को हरा दिया है।
यह भी पढ़े…
झाबुआ उपचुनाव : भाजपा को पछाड़कर कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया 10 हजार वोटों से आगे