चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशियों की एक और सूची मंगलवार देर रात जारी की। इस सूची में पंजाब के छह, गुजरात से चार, झारखंड से तीन, ओडिशा एवं कर्नाटक से दो-दो और हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और दादर एवं नगर हवेली से एक-एक प्रत्याशी का नाम है।
मंगलवार देर शाम कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की दिल्ली में हुई बैठक में इन उम्मीदवारों के नाम तय किए गए। इस बार कांग्रेस ने पूर्व रेलमंत्री पवन कुमार बंसल को चंडीगढ़ लोकसभा सीट से टिकट दिया है जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री परणीत कौर को पटियाला लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। बता दें परणीत कौर लगातार तीन बार पटियाला से सांसद रही हैं लेकिन साल 2014 में वे आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. धर्मवीर गांधी से चुनाव हार गई थीं। इस बार कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर को बड़ा झटका दिया है। उनका टिकट काट दिया गया है।
दरअसल, कांग्रेस ने चंडीगढ़ से नवजोत कौर की जगह चंडीगढ़ के पुराने कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री पवन बंसल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इतना ही नहीं नवजोत कौर को उनके गृह क्षेत्र अमृतसर से भी कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया गया है और उनकी जगह अमृतसर से कांग्रेस ने मौजूदा सांसद गुरजीत सिंह औजला को टिकट दे दिया।
कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट से पवन काजल को टिकट दिया है। पंजाब के गुरदासपुर से सांसद सुनील जाखड़, लुधियाना से रवनीत सिंह बिट्टू और जालंधर से संतोष सिंह चौधरी और होशियारपुर से पार्टी ने राजकुमार छब्बेवाल को टिकट दिया है। गुजरात के गांधीनगर सीट से पार्टी ने डॉ. सीजे चावड़ा को मैदान में उतारा है। अहमदाबाद पूर्व से गीताबेन पटेल, सुरेंद्रनगर से सोमाभाई पटेल और जामनगर से मुरुभाई कंडोरिया को टिकट मिला है।
झारखंड की बात करें तो यहां रांची से पार्टी ने सुबोध कांत सहाय, सिंहभूम से गीता कोरा और लोहरदगा से सुखदेव भगत को उम्मीदवार बनाया है। कर्नाटक के धारवाड़ से विनय कुलकर्णी, दावणगेरे से एबी मनजप्पा, ओडिशा के जजपुर से मानस जेना, कटक से पंचानन कनुंगो और दादर एंड नगर हवेली से प्रभू रत्नभाई टोकिया को उम्मीदवार बनाया गया है।