चैतन्य भारत न्यूज़
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार रात को 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस लिस्ट में राजस्थान की 19 सीटों, गुजरात की 6 व उत्तर प्रदेश की 6 सीटों के नाम का ऐलान किया गया है। सूची में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत का नाम भी शामिल है। वैभव को जोधपुर से टिकट मिला है। पार्टी ने जयपुर सीट से ज्योति खंडेलवाल और अलवर सीट से जितेंद्र सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। इनका अलावा टोंक सवाई माधोपुर से नमो नारायण मीणा, उदयपुर से रघुवीर मीणा समेत और भी कई नेताओं को टिकट मिला है।
सूची के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के संभल से जेपी सिंह, शाहजहांपुर से ब्रह्म स्वरूप सागर, झांसी से शिवशरण कुशवाहा, फूलपुर से पंकज निरंजन, महाराजगंज से तनुश्री त्रिपाठी और देवरिया से नियाज अहमद को टिकट मिला है। बता दें कांग्रेस ने इससे पहले उत्तर प्रदेश और अन्य कुछ राज्यों के लिए कुल 262 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इन उम्मीदवारों में सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम भी शामिल हैं।
उर्मिला को मिला नार्थ मुंबई से टिकट
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी दो दिन पहले ही कांग्रेस में शामिल हुई थीं। कांग्रेस ने उर्मिला को नार्थ मुंबई सीट से प्रत्याशी बनाया है। उर्मिला की टक्कर बीजेपी के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से होने वाली है। बता दें मुंबई नॉर्थ सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है।