चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर में जारी है। भारत में भी इसका संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक देश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 52 हजार पार हो गया है। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने ताजा आंकड़े जारी किए जिसके मुताबिक, अब देश में कोरोना के कुल कंफर्म केस की संख्या 52 हजार 952 है। इनमें से अब तक 1783 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 हजार 267 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में एक्टिव केस 35 हजार 902 हैं।
3 दिन में संक्रमण की रफ्तार बढ़ी
पिछले 24 घंटों में भारत में करीब 3500 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं और 90 लोगों की मौत हुई है। पिछले तीन दिनों में संक्रमण की रफ्तार ज्यादा बढ़ गई है। 4 मई को जहां देश में कोरोना वायरस से 41 हजार लोग संक्रमित थे, जो अब यानी 7 मई की सुबह तक बढ़कर करीब 53 हजार हो चुके हैं। यानी हर रोज औसतन 3500 नए मामले सामने आ रहे हैं।
महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित
महाराष्ट्र सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य है। यहां अब तक 16 हजार 758 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 651 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में 3094 लोग ठीक भी हो चुके हैं। महाराष्ट्र के बाद गुजरात में तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है। गुजरात में अब तक 6 हजार 625 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 396 लोगों की मौत हो चुकी है।
मध्यप्रदेश में बढ़ रही रफ्तार
राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां मरीजों का आंकड़ा 5500 के पार पहुंच चुका है। इनमें से 65 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली के बाद चौथे स्थान पर तमिलनाडु है जहां अब तक 4829 केस की पुष्टि हुई है, जिसमें 35 लोगों की मौत हो चुकी है। पांचवे स्थान पर राजस्थान है जहां अब तक 3317 कंफर्म केस सामने आ चुके हैं, जिसमें 92 लोगों की मौत हो चुकी। फिर आता है मध्यप्रदेश का स्थान जहां अब तक 3138 कन्फर्म मामले सामने आए हैं और इनमें से 185 लोगों की मौत हो चुकी है।