चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. चीन से फैले कोरोना वायरस ने दुनियाभर में तहलका मचा दिया है। कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। दुनियाभर में कोरोना वायरस की चपेट में आकर 9 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। भारत में भी कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। गुरुवार को कोरोना वायरस से मौत का चौथा मामला सामने आया है। पंजाब के नवांशहर जिले के एक अस्पताल में जान गंवाने वाला 72 वर्षीय शख्स कोरोना वायरस की जांच में संक्रमित पाया गया।
कोरोना वायरस की पुष्टि
जानकारी के मुताबिक, मृतक दो हफ्ते पहले ही इटली होते हुए जर्मनी से लौटा था। जिले के सिविल सर्जन प्रसाद भाटिया ने बताया कि, बुधवार को सीने में तेज दर्द उठने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया था। उसी दिन उसकी मौत हो गई। स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) के निदेशक जगत राम ने बताया कि, ‘मृतक डॉयबिटीज और हाई ब्लडप्रेशर से भी पीड़ित था। जांच के लिए भेजे गए उसके नमूनों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।’
भारत में कोरोना की चपेट में 180 लोग
बता दें इससे पहले मंगलवार को मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में कोरोना वायरस के चलते 64 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई थी। इसके अलावा कलबुर्गी में 63 साल के एक व्यक्ति की और दिल्ली में 69 साल की महिला की जान गई थी। महाराष्ट्र के बुलढाणा में भी एक बीमार बुजुर्ग ने दम तोड़ा था, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों लोगों की संख्या 180 हो गई है।