चैतन्य भारत न्यूज
जयपुर. देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। कोरोना वायरस की चपेट में आकर अब भारत में पांचवी मौत हो गई है। शुक्रवार को जयपुर में कोरोना से पीड़ित एक शख्स ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, संक्रमित व्यक्ति इटली का रहने वाला था जिसे सवाई मानसिंह अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन पहले उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आ गई थी। लेकिन उसे किडनी और फेफड़ों में इन्फेक्शन काफी ज्यादा हो गया था जिसके बाद आज उसकी मौत हो गई।
बता दें इससे पहले गुरुवार को पंजाब के नवांशहर जिले में कोरोना वायरस संक्रमित एक 72 वर्षीय शख्स की मौत हुई थी। मंगलवार को मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में कोरोना वायरस के चलते 64 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई थी। इसके अलावा कलबुर्गी में 63 साल के एक व्यक्ति की और दिल्ली में 69 साल की महिला की जान गई थी। महाराष्ट्र के बुलढाणा में भी एक बीमार बुजुर्ग ने दम तोड़ा था, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 200 के पार हो गई है। सिर्फ महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 52 हो गई है। इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए कई राज्यों में पाबंदियां लगाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरुवार रात 8 बजे देश के नाम अपने संबोधन में इस संकट का मजबूती से मुकाबला करने के लिए 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक ‘‘जनता कर्फ्यू ’’ का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की है कि जितना हो सके घर से बाहर नहीं निकले।