चैतन्य भारत न्यूज
भीषण चक्रवाती तूफान फैनी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इस तूफान के चलते आंध्रप्रदेश में तेज बारिश होना शुरू हो गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, फैनी तूफान काफी तेजी से भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। 3 मई को ये तूफान पुरी के दक्षिण में गोपालपुर और चांदबाली के बीच ओडिशा तट पर आ सकता है।
तूफान के समय हवाओं की गति 175-205 किमी प्रतिघंटे हो सकती है। खतरे को मद्देनजर रखते हुए नेवी, एयरफोर्स और कोस्टगार्ड को हाईअलर्ट पर रखा गया है। साथ ही ओडिशा के कुछ हिस्सों में येलो और कुछ में रेल अलर्ट जारी कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, समुद्री तट वाले इलाकों में रहने वाले करीब 8 लाख लोगों को सुरक्षा बालों ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन (एनडीआरएफ) और ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ओडीआरएफ) को भी खतरे से निपटने के लिए तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्थानीय अधिकारियों को आदेश दिया है कि वे मुफ्त में खाना देने की भी व्यवस्था रखें।
सरकार ने 880 राहत शिविर बनाए गए हैं। गुरुवार को सभी शिक्षण संस्थान भी बंद रखे गए हैं। बताया जा रहा है कि गंजाम, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर और कटक में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि, फैनी बहुत बड़े चक्रवाती तूफान में बदल गया है। सुरक्षा को देखते हुए ईस्ट कोस्टर्न रेलवे ने अब तक 103 ट्रेनें भी रद्द कर दी हैं। मौसम विभाग ने ये भी बताया कि, फैनी ओडिशा की तरफ 6 किमी/घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। ये अब तक का सबसे खतरनाक चक्रवात भी साबित हो सकता है। गौरतलब है कि, साल 1999 में ओडिशा में सुपर साइक्लोन आया था जिसमे करीब 10 हजार लोग मारे गए थे।