चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण को स्क्रीन पर साथ देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आखिरी बार ये दोनों स्टार्स फिल्म ‘पद्मावत’ में साथ नजर आए थे। अब एक बार फिर ये जोड़ी साथ में धूम मचाने को तैयार है। हाल ही में ये जानकारी मिली है कि दीपवीर फिल्म ’83’ में साथ दिखाई दे सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कपिल देव की बायोपिक फिल्म ’83’ में दीपिका की एंट्री पक्की हो चुकी है। इस बारे में बात करते हुए एक सूत्र ने कहा कि, ‘दीपिका को कबीर खान की फिल्म ’83’ के लिए फाइनल कर दिया गया है। इस फिल्म में एक बड़ी स्टारकास्ट है और अब दीपिका ने भी फिल्म के लिए हां कर दिया है।’ कहा जा रहा है कि इस फिल्म में दीपिका रणवीर की पत्नी का किरदार निभाएंगी। सूत्रों ने बताया कि, ‘फिल्म में दीपिका का किरदार बहुत खास है। वह कपिल देव की पत्नी रोमी भाटिया के रूप में नजर आएंगी।’ बता दें रोमी एक पीजेंट अवार्ड विजेता रह चुकीं हैं।
फिल्म ’83’ में रणवीर कपिल देव के किरदार में नजर आएंगे। अपने किरदार में बखूबी ढलने के लिए रणवीर खास तौर से तैयारी कर रहे हैं। फिल्म ’83’ की कहानी साल 1983 के क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन कबीर खान कर रहे हैं और ये फिल्म 10 अप्रैल 2020 को रिलीज होगी। गौरतलब है कि, दीपिका और रणवीर ‘गोलियों की रासलीला : रामलीला’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’ और ‘फाइनडिंग फैनी’ में साथ स्क्रीन शेयर कर चुके हैं। इन सभी फिल्मों ने बॉक्सऑफिस पर धमाल मचाया है। खैर, अब तो फैंस को एक बार फिर इस जोड़ी को स्क्रीन पर साथ देखने का बेसब्री से इंतजार रहेगा।