चैतन्य भारत न्यूज
अपनी दमदार एक्टिंग के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण अपनी आगामी फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में खबर आई है कि दीपिका महाभारत पर फिल्म प्रोड्यूस कर रही हैं। इतना ही नहीं बल्कि इस फिल्म में वो खुद द्रोपदी का किरदार निभाने जा रही हैं।
इस बात की जानकारी ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्विटर पर दी है। फिल्म को कई पार्ट्स में बनाया जाएगा और इसका पहला पार्ट 2021 में दिवाली पर रिलीज होगा। दीपिका फिल्म निर्माता मधु मंटेना के साथ मिलकर इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का सह-निर्माण करेंगी।
दीपिका का कहना है कि, ‘मैं द्रोपदी की भूमिका निभाने को लेकर रोमांचित और सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं मानती हूं कि यह एक लाइफटाइम वाला रोल है। महाभारत को पौराणिक कथाओं और सांस्कृतिक प्रभाव के लिए जाना जाता रहा है। इससे जीवन के कई सबक भी मिलते हैं, लेकिन हमेशा इस महाकाव्य के मेल कैरेक्टर्स पर ज्यादा फोकस किया गया है। अब इसे नए दृष्टिकोण के साथ बयां करना न केवल दिलचस्प होगा, बल्कि बहुत महत्वपूर्ण भी होगा।’
खबरों के मुताबिक, इस फिल्म का बजट कुल मिलाकर 600 करोड़ के करीब पहुंच सकता है। तीन भाग में बन रही ये फिल्म अब तक की सबसे हाई बजट फिल्म मानी जा रही है। इस फिल्म के पहले भाग को दिवाली 2021 में रिलीज किया जाएगा। बाकी के दो भाग आने वाले साल में रिलीज की तैयारी है। इसी साल के अंत तक फिल्म की घोषणा आधिकारिक तौर पर की जाएगी। बता दें इस फिल्म के अलावा दीपिका फिल्म ‘छपाक’ में नजर आने वाली हैं।