चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में 13 तोतों को पेश किया गया, जिसे देखकर सब हैरान हो गए। दरअसल इन तोतों को एक विदेशी नागरिक कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से देश से बाहर ले जाने की फिराक में था। 15 अक्टूबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर एक उजबेक नागरिक से सीआईएसएफ ने 13 तोते पकड़े थे।
जानकारी के मुताबिक, उजबेकिस्तान का नागरिक तोतों की तस्करी कर ताशकंद ले जा रहा था। अनवार्जों रखमतजोनोव नाम के इस उजबेक को सीआईएसएफ ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय पकड़ा था, जब वह जूतों के डिब्बों में तोतों को रखकर अपने देश में तस्करी की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसके पास से कई डिब्बों में से ये सभी जीवित तोते बरामद हुए।
कानून के मुताबिक, किसी केस से संबंध रखने वाली संपत्ति को अदालत में पेश करना जरूरी है। ऐसे में इन तोतों को कोर्ट में पेश करना पड़ा। हालांकि बाद में अदालत के आदेश पर इन्हें देख-रेख के लिए ओखला बर्ड सेंचुरी के अधिकारियों को सौंप दिया गया। आरोपित को भी कोर्ट के सामने पेश किया गया था। उसने जमानत के लिए अर्जी दी है। उसे 30 अक्टूबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है।
जांच पड़ताल के दौरान आरोपित ने बताया कि, ये तोते उसने पुरानी दिल्ली के एक विक्रेता से खरीदे थे। उसके देश में तोतों की भारी मांग है, इसलिए वह इन्हें तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। बता दें वाइल्ड लाइफ एक्ट के मुताबिक, तोतों को एक्सपोर्ट (निर्यात) किया जाना प्रतिबंधित है।