चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. सिलिकन वैली के नाम से मशहूर बेंगलुरु शहर का ट्रैफिक पूरी दुनिया में सबसे खराब है। 2019 में यहां यात्रा के दौरान लोगों ने करीब 243 घंटे जाम में बिता दिए। उन्हें 30 मिनिट का सफर पूरा करने में 71% ज्यादा वक्त लगता है। साथ ही खराब ट्रैफिक वाले दुनिया के शीर्ष में मुंबई, पुणे और दिल्ली भी शामिल हैं।
नीदरलैंड की नेविगेशन कंपनी टॉमटॉम के सालाना ट्रैफिक इंडेक्स में यह बात सामने आई है। सर्वे के नतीजों के अनुसार टॉप 10 शहरों में भारत के चार शहर शामिल हैं। लिस्ट में मुंबई चौथे, पुणे 5वें और दिल्ली 8वें नंबर पर है। मनीला (फिलीपींस), बोगोटा (कोलंबिया), मॉस्को (रूस), लीमा (पेरू), इस्तांबुल (तुर्की) और जकार्ता (इंडोनेशिया) भी टॉप-10 में शामिल हैं।
टॉप-10 में शामिल 4 भारतीय शहरों में सबसे ज्यादा कारें देश की राजधानी दिल्ली में हैं, लेकिन जाम के मामले में तीनों शहरों से पीछे है। सर्वे से पता चला है कि दिल्ली वासियों को पीक ऑवर्स में गाड़ी चलाते समय अन्य शहरों की तुलना में सालाना 190 घंटे ज्यादा खर्च करने पड़ते हैं। जो कुल मिलाकर 7 दिन और 22 घंटों के बराबर हैं। सर्वे से यह भी पता चला है कि दिल्ली में पिछले साल 23 अक्टूबर को सबसे ज्यादा ट्रैफिक रहा, जो 81 प्रतिशत था।
जबकि पीक अवर्स में मुंबई में लोग औसतन 209 घंटे यानी करीब 9 दिन ट्रैफिक में बिताते हैं। यहां सबसे ज्यादा 101% भीड़ 9 सितंबर को थी, जबकि सबसे कम 19% भीड़ 21 मार्च, 2019 को थी। वहीं पीक अवर्स में पुणे के लोग सालाना 193 घंटे यानी 8 दिन 1 घंटा ट्रैफिक में बिताते हैं। यहां सबसे ज्यादा 93% जाम 2 अगस्त 2019 को, जबकि सबसे कम 30% जाम 27 अक्टूबर को दर्ज किया गया।
टॉमटॉम के रणनीतिक व्यापार विकास प्रबंधक विनोद कुमार ने कहा कि, ‘हमें दुनिया भर में कई स्रोतों से डाटा मिलता है और कुछ सेकंड में हमें लगभग 600 मिलियन उपकरणों से अपडेट मिलता है।’