चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. भगवान गणेश के सबसे चर्चित मंदिरों में से एक मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में दिल्ली के एक भक्त ने 35 किलो सोना चढ़ाया है। इसकी बाजार में कीमत लगभग 14 करोड़ रुपए है। यह मंदिर मुंबई के अमीर मंदिरों में से एक है। यहां प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं द्वारा करोड़ों रुपए का दान किया जाता है। जिसके चलते यह मंदिर महाराष्ट्र के सबसे धनी मंदिरों में आता है।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर को यह दान पिछले हफ्ते मिला है। मंदिर के ट्रस्ट के अनुसार 35 किलो का सोना दिल्ली के रहने वाले एक श्रद्धालु ने दान किया है। लेकिन उन्होंने दान करने वाले श्रद्धालु की पहचान बताने से मना कर दिया। उनका कहना है कि दान में मिले सोने का इस्तेमाल मंदिर के दरवाजे और छत बनाने में किया जाएगा। सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल श्रद्धालु करोड़ों रुपयों का दान देते हैं। जहां कुछ लोग नगदी के तौर पर दान देते हैं। वहीं कुछ सोना, चांदी या कीमती रत्न दान करते हैं।
Maharashtra: A devotee from Delhi has donated gold plating weighing around 35 kg, worth around Rs 14 crores to Mumbai’s Shri Siddhivinayak Temple. pic.twitter.com/2eavuvJjmk
— ANI (@ANI) January 21, 2020
बता दें साल 2017 तक सिद्धिविनायक मंदिर में 320 करोड़ रुपए का दान मिला था जिसका प्रयोग सामाजिक कार्यो के लिए किया गया था। अब बढ़कर ये दान राशि 410 करोड़ रुपए हो गई है। मंदिर में आए इस फंड से जरूरतमंद लोगों की मदद की जाती है। अब तक इस धन राशि से 20 हजार लोगों की मदद की जा चुकी है। माना जाता है सिद्धिविनायक सच्चे मन से मांगी गई भक्तों की मुराद अवश्य पूरी करते हैं।