चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव में महज 7 दिन बाकि है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने जोरों-शोरों से चुनाव प्रचार करना शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने भी दिल्ली जीतने के लिए अपना पूरा दम झोंक दिया है। शुक्रवार को भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि, ‘दिल्ली की तकदीर को हम बदलने वाले हैं। दिल्ली में वायु-जल प्रदूषण सबसे बड़ी समस्या है, हमारी केंद्र सरकार ने दोनों ही दिशा में बड़े काम किए जा रहे हैं।’
Delhi: Bharatiya Janata Party releases its election manifesto for #DelhiElections2020 pic.twitter.com/CV3eOLFlF8
— ANI (@ANI) January 31, 2020
गडकरी ने आगे यह भी कहा कि, ‘हमारी सरकार का फोकस दिल्ली में साफ पानी की व्यवस्था करना है। केंद्र सरकार ने जो निर्मल गंगा के तहत 7000 करोड़ का प्रोजेक्ट चलाया है, उसके तहत दिल्ली में 2070 तक साफ पानी की सुविधा मिलेगी। हमारी सरकार ने वेस्टर्न-ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे बनाने का काम किया है।’
नितिन गडकरी ने यह भी कहा कि, ‘दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी और अन्य स्थानीय नेताओं की मौजूदगी में बीजेपी ने अपना घोषणा पत्र जारी किया। बीजेपी ने संकल्प पत्र के माध्यम से अपने विजन को जनता के सामने रखा।’
8 फरवरी को वोटिंग, 11 को नतीजे
बता दें दिल्ली में 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे और इसके नतीजे 11 फरवरी को आएंगे। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव होने हैं। इनमें से 58 सामान्य श्रेणी की सीटें हैं जबकि 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
बीजेपी के घोषणापत्र में किए गए बड़े वादे
- दिल्ली में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार।
- नई अधिकृत कॉलोनी के लिए डेवलेपमेंट बोर्ड।
- व्यापारियों में एक साल में लीज होल्ड से फ्री होल्ड का काम पूरा।
- सीलिंग ना होने के लिए नियम और कानून में बदलाव।
- किराएदारों के हितों की रक्षा करना।
- जिनको गेंहू मिलती है उन्हें 2 रुपये किलो पिसा हुआ आटा।
- दिल्ली को टैंकर माफिया से मुक्त कराएंगे।
- हर घर नल से शुद्ध जल देने की योजना।
- दिल्ली में 200 नए स्कूल खोलना।
- दिल्ली में 10 नए बड़े कॉलेज खोलना।
- दिल्ली में आयुष्मान, पीएम आवास, किसान सम्मान निधि योजना लागू करना।
- समृद्ध दिल्ली इंफ्रास्ट्रचर योजना का ऐलान. 10 हजार करोड़ रुपए का खर्च।
- गरीब परिवार में बेटी के जन्म के वक्त अकाउंट खोलेंगे, 21 साल की होने पर 2 लाख रुपये।
- कॉलेज जाने वाली गरीब छात्राओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी फ्री में देंगे।
- 9वीं क्लास में गए छात्रों को मुफ्त में साइकिल।
- गरीब विधवा महिला की बेटी की शादी के लिए 51 हजार रुपए।
- दो साल में दिल्ली से कूड़े के पहाड़ को समाप्त करेंगे।
- 10 लाख बेरोजगारों को रोजगार देंगे।
- युवा, महिला, पिछड़ा के कल्याण के लिए अलग से बोर्ड।
- रानी लक्ष्मीबाई महिला सुरक्षा योजना।
- दिल्ली पुलिस के सहयोग से 10 लाख छात्राओं को सुरक्षा की ट्रेनिंग।
- दिल्ली यमुना विकास बोर्ड का ऐलान।
- यमुना रिवरफ्रंट, यमुना आरती शुरू होगी।
- रेहड़ी-पटरी वालों को नियमित करने का ऐलान।
- किसानों पर लगी धारा 33 और 81A समाप्त करेंगे।
- हर वार्ड में छात्रों के लिए विशेष लाइब्रेरी।
- सफाई कर्मचारियों को एरियर का भुगतान।
- दिव्यांग, विधवा ,बुजुर्ग और 1984 के दंगा पीड़ितो के पेंशन में वृद्धि।
- ग्रुप हाउसिंग सोसायटी का विकास।
- पुनर्वास कॉलोनियों को मालिकाना हक।
- स्टार्टअप को दिल्ली में बढ़ावा देना।
- दिल्ली में फिट इंडिया प्लान को मजूरी।
- ऑटो टैक्सी स्टैंड बनवाना।