चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में 8 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान होंगे और इसके नतीजे तीन दिन बाद यानी 11 फरवरी को आएंगे। गुरुवार को राजनीतिक दलों का प्रचार का आखिरी दिन था। दिल्ली पुलिस ने चुनाव को लेकर कड़ी तैयारियां की हैं। ड्यूटी पर करीब 40 हजार से ज्यादा पुलिस के जवान लगाए गए हैं। साथ ही होम गार्ड्स की भी ड्यूटी लगी है।
19 हजार होम गार्ड्स की ड्यूटी
जानकारी के मुताबिक, ईवीएम-पोलिंग बूथ की सुरक्षा अलग से की गई है। करीब 19 हजार होम गार्ड्स की ड्यूटी भी दिल्ली में लगाई गई है। ईवीएम, संवेदनशील बूथ और काउंटिंग सेंटर्स की सुरक्षा के लिए भी अतिरिक्त सुरक्षाबल की तैनाती की गई है। दिल्ली में कुल 2689 पोलिंग बूथ में से 545 अतिसंवेदनशील हैं। 21 काउंटिंग सेंटर को अतिरिक्त सुरक्षा दी गई है। सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए सर्विलाइंस टीम और फ्लाइंग स्क्वायड की टीम समय-समय पर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों का दौरा करती रहेगी।
बॉर्डर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
आतंकी हमले को ध्यान में रखते हुए भी सुरक्षा की सभी तैयारियां की गई हैं। बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जिससे किसी तरह से कोई बाहरी सामान ना आ सके। शराब, पैसे को लेकर कड़ी सख्ती बरती जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव प्रचार में अब तक करीब 96 हजार 798 लीटर शराब और 774।1 ड्रग्स पकड़ा जा चुका है। बता दें दिल्ली में 6, 7, 8 और 9 फरवरी को ड्राई डे घोषित होने के कारण शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी।
बैठक, रैली सब खत्म, निगरानी शुरू
बता दें दिल्ली में जनसभा, रैली, बैठक, जनसंपर्क आदि पर प्रतिबंध लग चुका है। ट्वीटर, व्हाट्सएप और फेसबुक समेत सोशल मीडिया के अन्य सभी प्लेटफॉर्म पर भी नजर रखी जा रही है। कोई भी प्रत्याशी या कोई भी दल अब वोट मांगने की अपील नहीं करेगा।
1 लाख से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी
दिल्ली में एक लाख से अधिक कर्मचारी चुनावी ड्यूटी में लगाए गए हैं। शुक्रवार को अंतिम जांच के बाद चुनाव अधिकारी हर जिले में कर्मचारियों को ईवीएम सौंप देंगे। 8 फरवरी को सुबह मतदान समय पर शुरू हो सके, इसके लिए सभी कर्मचारियों को रात में ही रोकने की व्यवस्था की गई है। शनिवार तड़के करीब चार बजे कर्मचारियों को सुरक्षा बलों के साथ मतदान केंद्रों पर रवाना किया जाएगा।
कुल मतदाता : 1,47,86,382
पुरुष : 81,05,236
महिला : 66,80,277
थर्ड जेंडर : 869
कुल मतदान बूथ : 13,750
संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथ : 3841
मतगणना केंद्र : 27