चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक बार फिर आम आदमी पार्टी का परचम लहराता दिखाई दे रहा है। शुरुआती रुझानों में ‘आप’ को मिल रही बढ़त को देखने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि, यह देश में शांति एवं विकास के लिए शुभ संकेत और स्वस्थ संदेश है। इसके साथ ही अखिलेश ने अपने ट्वीट में ‘काम बोलता है’ के अपने पुराने नारे को भी हैशटैग दिया।
अखिलेश ने कहा कि, ‘बीजेपी काफी वक्त से नफरत की राजनीति कर रही है, लेकिन वे कामयाब नहीं होंगे। दिल्ली के नतीजों का संदेश पूरे देश में जाएगा। दिल्ली का फैसला देश की राजनीति को विकास के रास्ते पर ले जाएगा और जो भारतीय जनता पार्टी के विनाश का रास्ता है उसको रोकेगा। उन्होंने कहा कि, ‘दिल्ली में जहां-जहां विधानसभा है कि वहां पर भाजपा हार गई। पिछले चुनाव में हम काम के बारे में बोलते रह गए और जनता ने हमारी नहीं सुनी और भविष्य में चुनाव विकास के मुद्दे पर होगा।’
दिल्ली के नतीजे बता रहे हैं कि अधिकांश भारतीय आज भी सामाजिक रूप से उदार व राजनीतिक रूप से समझदार हैं व धर्म जैसे व्यक्तिगत विषय को राजनीति के पंक में घसीटकर अपना सियासी फूल खिलानेवालों के ख़िलाफ़ हैं.
ये देश की शांति व विकास के लिए शुभ संकेत व स्वस्थ संदेश भी है.#KaamBoltaHai
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 11, 2020
बता दें, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। आम आदमी पार्टी (AAP) 65 से ज्यादा सीटों पर आगे बनी हुई है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी 10 से ज्यादा सीटों पर आगे है। जबकि कांग्रेस को एक भी सीट पर बढ़त नहीं मिल सकी है। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए शनिवार 8 फरवरी को वोट डाले गए थे। दिल्ली चुनाव में इस बार कुल 672 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे, जिनमें से 593 पुरुष 79 महिला प्रत्याशी थी।