चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस कॉन्स्टेबल पर पिस्तौल तानने वाले मोहम्मद शाहरुख को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से शाहरुख को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शाहरुख को पनाह देने वालों की तलाश की जा रही है।
बता दें 24 फरवरी को दिल्ली के जाफराबाद इलाके में शाहरुख ने आठ राउंड फायरिंग की थी। फायरिंग के दौरान उसने हेड कॉन्स्टेबल दीपक दहिया पर पिस्तौल तान दी थी। फायरिंग करने के बाद वह भीड़ में गायब हो गया था। कई दिनों तक दिल्ली पुलिस शाहरुख की तलाश कर रही थी। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के थाना उस्मानपुर का रहने वाला शाहरुख अपने परिवार के साथ फरार हो गया था। सबसे पहले वह पानीपत पहुंचा। इसके बाद वह कैराना, अमरोहा जैसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग अलग शहरों में छिपता रहा।
शाहरुख की तलाश में जुटी स्पेशल सेल टीम को उसकी कॉल डिटेल से यह पता लगा कि वह बरेली में छिपा हुआ है। फिर यूपी पुलिस और दिल्ली पुलिस ने मिलकर उसे गिरफ्तार कर लिया। बता दें शाहरुख अशरफिया मस्जिद में बिरयानी बेचता है। फिलहाल उसे पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। दिल्ली लाने के बाद पुलिस आज दोपहर 3:30 बजे प्रेस कांफ्रेंस करेगी।